एम एस धोनी को दुनिया मिस्टर कूल के नाम से जानती है। धोनी के बारे में कहा जाता है कि वो हर परिस्थिति में खुद पर काबू और संयम रखना जानते हैं। लेकिन हाल ही में एक निजी प्रोग्राम में धोनी की आंखें भर आईं। शायद ही किसी ने सोचा होगा कि उन्हें कभी धोनी को इस हाल में भी देखना पड़ सकता है। दरअसल, धोनी 2 साल के बैन के बाद आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की वापसी पर बयान दे रहे थे। इस दौरान धोनी ने माइक हाथ में लिया और जैसे ही उन्होंने बोलना शुरू किया उनकी आंखें नम हो गईं। धोनी ने कहा, ‘ये जरूर है कि आप हर नये दौर से गुजरो (धोनी की आंखों में आंसू थे)…(गले को साफ करते हुए)…लेकिन, जरूरी ये है कि हमारे लिए जरूरी क्या है। हम वापस आ चुके हैं…हम वापस आ चुके हैं।’
धोनी जब ये सब कह रहे थे तो साफ देखा जा सकता था कि वो बेहद ही निराश और मायूस नजर आ रहे थे। चेन्नई की टीम को पहला मैच 7 अप्रैल को मुंबई के खिलाफ खेलना है। दोनों टीमों के लिए ये मैच बेहद अहम है क्योंकि दोनों का इरादा जीत के साथ आगाज करने का होगा। इसके अलावा चेन्नई अपने घर पर पहला मैच 10 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेगी। धोनी समेत पूरी टीम आईपीएल की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी है और टूर्नामेंट जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। चेन्नई की टीम 2 साल के बाद आईपीएल में वापसी कर रही है।
आपको बता दें कि धोनी की टीम का इरादा इस बार खिताब जीतने का होगा। धोनी की कप्तानी में चेन्नई को 2 बार खिताब जीतने में कामयाबी मिली है। लेकिन टीम के लिए वापसी करना आसान नहीं रहेगा। क्योंकि खिलाड़ियों को नये सिरे से शुरुआत करनी होगी। देखना दिलचस्प होगा कि चेन्नई माहौल और हालात से कैसे समझौता कर पाती है। हालांकि इतना तो तय है कि धोनी की कप्तानी में फिर से टीम हल्ला जरूर बोलेगी।